बांदा (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के बांदा ज़िले में एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल द्वारा छात्र की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्र ने कक्षा में पढ़ाने के लिए प्रिंसिपल की बजाय मैडम को बुला लिया, जिससे नाराज़ होकर प्रिंसिपल ने डंडे से उसकी पिटाई कर दी।
पीड़ित छात्र के अनुसार, वह और उसके साथी मैडम से पढ़ना पसंद करते हैं क्योंकि वह अच्छी तरह पढ़ाती हैं। इसी बात से प्रिंसिपल नाराज़ हो गए और छात्र को जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए बोले – “यादव हो, पढ़कर क्या करोगे, जाओ मवेशी चराओ।”
आरोप यह भी है कि प्रिंसिपल ने छात्र को धमकी दी कि अगर किसी से शिकायत की, तो और ज्यादा सज़ा दी जाएगी।
घटना के बाद पीड़ित छात्र के परिवार ने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच के आदेश पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी को दिए हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

