नागपुर। स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारियाँ तेज होने के साथ ही राजनीतिक चर्चाएँ भी गर्म हैं। महाराष्ट्र में एनसीपी (अजित पवार गुट) की तरफ़ से साफ संकेत दिया गया है कि यदि भाजपा के साथ सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बनी, तो पार्टी किसी अन्य दल के साथ गठबंधन करने या फिर अकेले चुनाव मैदान में उतरने के लिए भी तैयार है।
यह संकेत मुंबई में हुई अहम बैठक के बाद सामने आया, जिसमें उपमुख्यमंत्री अजित पवार, प्रदेश स्तर के कई पदाधिकारी और स्थानीय नेतृत्व शामिल था। बैठक में यह स्पष्ट कर दिया गया कि सीटों के मामले पर भाजपा ने अगर लचीला रुख नहीं दिखाया, तो पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, स्थानीय स्तर पर टिकट वितरण और संभावित प्रत्याशियों के नामों पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वे हर हाल में चुनाव की तैयारी मजबूत रखें, चाहे गठबंधन हो या नहीं।
बाबा गुजर बने महासचिव
इधर, शिवराज बाबा गुजर को एनसीपी (अजित पवार गुट) का जिला महासचिव नियुक्त किया गया है। बताया जा रहा है कि हाल ही में उन्होंने जिला पद से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने उन्हें संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का निर्देश दिया है।
बैठक में जिलाध्यक्ष अनिल अहिरकर, प्रवक्ता प्रकाश पवार समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। संगठन की रणनीति और चुनावी समीकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई।

