भंडारा ब्यूरो :
डिजिटल अरेस्ट के जरिए ठगी करने का एक गंभीर मामला तुमसर में सामने आया है। इस मामले में 74 वर्षीय सेवानिवृत्त फोरमैन से 20 लाख 61 हजार 320 रुपये की धोखाधड़ी की गई। तुमसर पुलिस ने इस साइबर अपराध की गुत्थी सुलझाते हुए मध्य प्रदेश से एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तुमसर के शिवाजी नगर निवासी हरिशंकर रामलाल चौबे को जालसाजों ने फोन कर खुद को ट्राई का अधिकारी बताया। ठगों ने उन्हें बताया कि उनके नाम पर मुंबई से एक सिम कार्ड खरीदा गया है, जिसका उपयोग अश्लील फोटो भेजने में किया गया है। साथ ही उन्हें यह धमकी भी दी गई कि उनका नाम नरेश गोयल मनी लॉन्ड्रिंग केस में सामने आया है।
आरोपियों ने मानसिक दबाव बनाने के लिए वीडियो कॉल के जरिए एक फर्जी अदालत भी दिखाई। इस मानसिक दबाव में आकर हरिशंकर चौबे ने अपनी एफडी तुड़वा दी और ठगों के बताए अनुसार कुल 20,61,320 रुपये आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए।
जब हरिशंकर चौबे को संदेह हुआ तो उन्होंने अपने बेटे राजेश को पूरी घटना की जानकारी दी। ठगी का एहसास होते ही उन्होंने तुमसर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मध्य प्रदेश से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले की आगे की जांच जारी है।

