नामांकन दाखिल करने के पहले दिन एक भी आवेदन नहीं, बाल्या बोरकर और सतीश होले ने लिए फॉर्म
नागपुर, कार्यालय प्रतिनिधि।
नागपुर महानगरपालिका (एनएमसी) चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही टिकट के इच्छुकों की भीड़ अलग-अलग जोन कार्यालयों में देखने को मिली। हालांकि, नामांकन दाखिल करने के पहले दिन एक भी आवेदन जमा नहीं हुआ। इसके बावजूद मंगलवार को फॉर्म लेने वालों की संख्या काफी रही।
शहर के 10 जोन कार्यालयों में इच्छुक उम्मीदवारों के लिए नामांकन आवेदन पत्र उपलब्ध कराए गए हैं। पहले ही दिन कई जोन कार्यालयों में संभावित उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की मौजूदगी रही। इस दौरान पूर्व स्थायी समिति सभापति बाल्या बोरकर और पूर्व उपमहापौर सतीश होले सहित कुछ अन्य दावेदारों ने नामांकन फॉर्म खरीदे।
कुछ पूर्व नगरसेवकों और इच्छुक उम्मीदवारों ने बताया कि वे मुहूर्त देखकर आवेदन दाखिल करेंगे। इसी कारण पहले दिन आवेदन जमा नहीं किए गए। कुछ दावेदारों का कहना था कि बुधवार और गुरुवार को आवेदन प्रक्रिया में तेजी आ सकती है।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, नामांकन आवेदन 31 दिसंबर तक स्वीकार किए जाएंगे। जमा आवेदनों की जांच (स्क्रूटनी) भी इसी दिन की जाएगी। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 2 जनवरी 2026 तय की गई है।
पार्टी कार्यालयों में भी हलचल
पूर्व नगरसेवकों के साथ-साथ भाजपा और कांग्रेस से टिकट चाहने वाले दावेदारों ने भी जोन कार्यालयों से फॉर्म खरीदे हैं। सूत्रों के मुताबिक, बुधवार से विभिन्न जोन कार्यालयों में आवेदन जमा करने वालों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
कुल मिलाकर, नामांकन के पहले दिन आवेदन भले ही शून्य रहे हों, लेकिन टिकट के दावेदारों की सक्रियता और राजनीतिक हलचल साफ तौर पर दिखाई दी।

