नागपुर, कार्यालय प्रतिनिधि।
मुख्यमंत्री कार्यालय के नाम से व्यवसायी को धमकाने के प्रकरण में बजाजनगर पुलिस ने कथित भाजपा कार्यकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी का नाम वरण मेहडिया बताया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई व्यवसायी विजय तालेवार की शिकायत पर की है।
विजय तालेवार वेस्ट हाई कोर्ट रोड पर साई वाटिका लॉन का संचालन करते हैं। कुछ दिनों पहले एक मंत्री के पीए ने लॉन में अपनी बेटी का विवाह समारोह आयोजित किया था, जिसका किराया भी तय हुआ था। कार्यक्रम के बाद पीए ने किराया अदा नहीं किया, जिस पर तालेवार ने उसके खिलाफ शिकायत की थी और मंत्री को भी इस बात की जानकारी दी थी।
इसी दौरान तालेवार कुणाल यादव नामक व्यक्ति के साथ उज्जैन गए थे, जहां रास्ते में उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसके बाद वरण मेहडिया ने तालेवार को फोन कर कहा कि वह सीएम ऑफिस से बात कर रहा है और हैदराबाद हाउस स्थित कार्यालय का सारा काम उसी के पास है। उसने लॉन का किराया न लेने और कुणाल यादव की गाड़ी के नुकसान का पैसा देने के लिए तालेवार पर दबाव बनाया।
आरोपी ने खुद को मुख्यमंत्री का करीबी बताते हुए तालेवार को धमकाया। इससे डरकर तालेवार ने बजाजनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि वरण मेहडिया का मुख्यमंत्री कार्यालय से कोई लेना-देना नहीं है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 204 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश जारी है।

