कामठी, संवाददाता। स्थानीय नगर परिषद के इस बार के चुनाव में बड़ा फेरबदल होते हुए कामठी नगर परिषद में भाजपा ने बाजी मारते हुए भगवा लहरा दिया। कामठी नगर परिषद में लंबे समय बाद भाजपा को ऐतिहासिक सफलता मिली है। इस जीत का श्रेय राज्य मंत्री एवं जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को दिया जा रहा है। नगराध्यक्ष पद के लिए लड़े गए 17 राउंड के मुकाबले में भाजपा के अजय अग्रवाल ने 13,907 वोट हासिल कर जीत दर्ज की।
दूसरे नंबर पर कांग्रेस के शंकर नागनाथ रहे, जिन्हें 13,804 वोट मिले। इस तरह अजय अग्रवाल ने महज 103 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। तीसरे स्थान पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के प्रत्याशी रहे, जिन्हें 12,598 वोट प्राप्त हुए।
इस चुनाव में अन्य उम्मीदवारों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा। पूर्व नगराध्यक्ष शाहिदा अंसारी चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस छोड़कर राष्ट्रवादी की ओर से मैदान में उतरी थीं, लेकिन वे चौथे स्थान पर रहीं। अंसारी को 5,220 मत मिले। इसके बाद ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के उम्मीदवार को 4,027 वोट प्राप्त हुए। बसपा के किशोर गेडाम को 1,004 वोट, वंचित बहुजन आघाड़ी से प्रशांत नासकर को 790 वोट और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को 232 वोट मिले। महिला निर्दलीय प्रत्याशी को 189 वोट प्राप्त हुए।
चुनाव में ‘नोटा’ का भी प्रभाव देखने को मिला। कुल 170 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना, जो कई प्रत्याशियों से अधिक रहा। निर्दलीय तस्लीम अंसारी को 84, निर्दलीय राजकुमार सरोटे को 79, निर्दलीय प्रशांत कांबले को 56 और निर्दलीय सीमा पाटिल को 46 वोट मिले।
कुल 34 नगरसेवकों वाली कामठी नगर परिषद में कांग्रेस के 14 नगरसेवक चुनकर आए, जबकि भाजपा दूसरे स्थान पर रही। भाजपा के 8 नगरसेवक निर्वाचित हुए। इसके अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस के अजित पवार गुट के 4 नगरसेवक, बसपा के 3, शिवसेना (शिंदे गुट) के 1, AIMIM के 1 और समाजवादी पार्टी के 1 नगरसेवक चुने गए।
कामठी नगर परिषद का यह मुकाबला काफी रोचक रहा और हर राउंड के बाद परिणामों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। आखिरकार अंतिम दौर में भाजपा प्रत्याशी अजय अग्रवाल ने 103 वोटों से जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया।

