हिंगना में यातायात की अव्यवस्था, दुर्घटनाओं का बढ़ा खतरा

हिंगना (नागपुर) | हिंगना शहर के आईसी चौक पर लगने वाले साप्ताहिक बाजार के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बाजार के दिनों में अव्यवस्थित वाहन पार्किंग के चलते सड़क पर अक्सर भीषण जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हो गए हैं कि दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है

स्थानीय नागरिकों के अनुसार बाजार में आने वाले लोग अपने वाहन सड़क के दोनों ओर बेतरतीब ढंग से पार्क कर देते हैं, जिससे पूरा मार्ग संकरा हो जाता है। पैदल चलने वालों के लिए रास्ता तक नहीं बचता। बाजार के दौरान दुकानदारों द्वारा सड़क तक अतिक्रमण कर लेने से भी स्थिति और गंभीर हो जाती है। वाहन चालकों के बीच जगह को लेकर विवाद की स्थिति बनती रहती है, जिससे यातायात बार-बार बाधित होता है।

  • Save

आईसी चौक हिंगना रोड पर स्थित कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, बस स्टैंड और स्कूल जैसे व्यस्त स्थानों को जोड़ने वाला प्रमुख चौराहा है, इसके बावजूद यहां यातायात पुलिस की स्थायी व्यवस्था नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी-कभार ट्रैफिक कर्मचारी दिखाई देते हैं, लेकिन नियमित निगरानी नहीं होने से समस्या जस की तस बनी हुई है।

पिछले सप्ताह आईसी चौक पर एक मोटरसाइकिल सवार दुर्घटना का शिकार हुआ था, वहीं एक महिला भी तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर घायल हो गई थी। इन घटनाओं के बाद से नागरिकों में डर का माहौल है और यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार और पुलिस प्रशासन से मांग की जा रही है कि बाजार के दौरान विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाए, अवैध पार्किंग पर सख्ती से कार्रवाई हो और बाजार परिसर को व्यवस्थित रखा जाए। नागरिकों का कहना है कि आईसी चौक और आसपास के इलाकों में जाम और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link