नागपुर, 2 जनवरी 2026:
नए साल के पहले ही दिन गुरुवार को सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में मजबूती देखने को मिली। स्थानीय सर्राफा बाजार में सोने के दाम 700 रुपये बढ़कर 1,33,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में सोना 1,32,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी जोरदार उछाल दर्ज किया गया। चांदी 1,400 रुपये बढ़कर 2,30,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जो इससे पहले 2,29,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर चल रही थी।
बीते वर्ष के दौरान सोने और चांदी दोनों में शानदार तेजी देखी गई। आंकड़ों के अनुसार, सोने ने वर्ष भर में निवेशकों को 73.45 प्रतिशत का लाभ दिया। वहीं चांदी ने इससे कहीं बेहतर प्रदर्शन करते हुए लगभग 164 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की और सोने को भी पीछे छोड़ दिया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो बुधवार को हाजिर सोना 28 डॉलर यानी 0.65 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,310.89 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अल्पावधि में अंतरराष्ट्रीय सोने की कीमतें एक सीमित दायरे में बनी रह सकती हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार वर्ष 2026 में सोने और चांदी की कीमतों की दिशा तय करने में वैश्विक आर्थिक आंकड़े, मौद्रिक नीतियां और भू-राजनीतिक परिस्थितियां अहम भूमिका निभाएंगी। निवेशकों की नजर अब वैश्विक बाजार संकेतों पर बनी हुई है।

