शराब पार्टी के दौरान कम शराब लाने को लेकर हुए विवाद में तीन दोस्तों ने मिलकर अपने ही साथी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। डंडे से सिर पर वार, तीन आरोपी गिरफ्तार
मृतक की पहचान वैशालीनगर निवासी रमेश उर्फ वैद्य मसराम के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में बाबा बुद्धाजीनगर निवासी शंकर भैंसारे, पांचपावली निवासी कपिल नगरारे और बुद्धनगर निवासी जसवंत सिंह उर्फ नरेंद्र सिंह अडी शामिल हैं।
उज्जैन जाने का था प्लान
जानकारी के अनुसार, रमेश अविवाहित था और मजदूरी का काम करता था। आरोपी शंकर भी मजदूरी करता है। चारों दोस्त लगभग रोजाना शाम को साथ बैठकर शराब पार्टी करते थे। रविवार को रमेश और शंकर ने उज्जैन जाकर महाकाल के दर्शन करने का प्लान बनाया था। इसी कारण सुबह से ही चारों शंकर के घर पर इकट्ठा हो गए और शराब पार्टी शुरू कर दी।
रमेश ने शराब खरीदने के लिए शंकर को पैसे दिए थे। सभी ने मिलकर पूरी बोतल शराब पी ली। नशा बढ़ने पर रमेश ने पैसे देने के बावजूद कम शराब लाने को लेकर शंकर से विवाद शुरू कर दिया और गाली-गलौज करने लगा। अन्य दो दोस्तों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन रमेश उनसे भी उलझ पड़ा।
गुस्से में उठाया डंडा
इस पर शंकर आपा खो बैठा और घर में रखा डंडा उठाकर रमेश के सिर पर जोरदार वार कर दिया। रमेश पहले से ही नशे में था। सिर पर वार लगते ही खून बहने लगा और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। गंभीर रूप से घायल रमेश को इलाज के लिए मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में पूरे मामले का खुलासा होने के बाद तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। सोमवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

