इंग्लैंड ने जीता चौथा एशेज टेस्ट

ऑस्ट्रेलिया में 15 वर्ष और 18 मैच के बाद पहली बार चखा जीत का स्वाद

मेलबर्न, एजेंसियां। इंग्लैंड ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में खेले गए चौथे एशेज टेस्ट क्रिकेट मैच में चार विकेट से जीत दर्ज कर ऑस्ट्रेलिया में पिछले 18 मैच में जीत हासिल नहीं कर पाने का सिलसिला तोड़ दिया। इंग्लैंड श्रृंखला में पहले तीन टेस्ट मैच हार गया था जिससे ऑस्ट्रेलिया ने 11 दिन में एशेज अपने पास बरकरार रखी थी। इंग्लैंड ने हालांकि चौथे टेस्ट मैच को दो दिन के अंदर जीतकर ऑस्ट्रेलिया की क्लीन स्वीप करने की उम्मीद पर पानी फेर दिया।

ऑस्ट्रेलिया ने पर्थ में पहला मैच दो दिन से जीता था। यह 129 वर्षों में पहला अवसर है जबकि किसी एक श्रृंखला के दो मैच दो दिन में समाप्त हो गए। इंग्लैंड की टीम ने ऑस्ट्रेलिया में इससे पहले आखिरी बार 2010-11 की श्रृंखला में मैच जीता था। उसने तब यह श्रृंखला 3-1 से अपने नाम की थी। इसके बाद इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया में खेले गए लगभग 15 वर्षों में 18 टेस्ट मैचों में से 16 मैच हारे थे जबकि बाकी दो मैच ड्रॉ रहे।

पहली पारी में 152 रन बनाने वाली ऑस्ट्रेलिया की टीम अपनी दूसरी पारी में 132 रन पर आउट हो गई। इस तरह से उसने हमले काम को अंजाम तक पहुंचाया।

हमने काम को अंजाम तक पहुंचाया : बेन स्टोक्स

बेन स्टोक्स ने कहा कि हमने जिस तरह से प्रदर्शन किया वह शानदार था। हमने साहसिक खेल दिखाया और अपने काम को अंजाम तक पहुंचाया। जब मैं आउट हुआ तब हम लक्ष्य से 10 रन पीछे थे। मैं जानता था कि हम लक्ष्य तक पहुंच जाएंगे। जीत के साथ अंत करना सुखद अहसास है। स्टोक्स ने कहा कि टेस्ट मैच का दो दिन में समाप्त होना आदर्श स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि एमसीजी की पिच पर तेज गेंदबाजों की तूती बोली। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि पहले दिन 20 और दूसरे दिन 16 विकेट गिरे।

इंग्लैंड के सामने 175 रन का लक्ष्य था। पहली पारी में 110 रन पर आउट होने वाले इंग्लैंड ने छह विकेट पर 178 रन बनाकर अपने हजारों धैर्यवान, लेकिन बफर ‘बार्मी आर्मी’ प्रशंसकों को उत्साहपूर्ण जश्न में डुबो दिया।

छठे सत्र में ही जीत हासिल की

इंग्लैंड ने मैच के छठे सत्र में ही जीत हासिल की। इंग्लैंड ने लक्ष्य का पीछा करते हुए आक्रामक शुरुआत की। पहले 10 ओवर में ही उसने बेन डकेट (34) और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजे गए ब्रायडन कार्स (06) के विकेट गंवाकर दो विकेट पर 70 रन बना लिए।

स्कॉट बोलैंड ने जैक क्रॉली (37) और जैकब बेथेल (40) को आउट किया। इन दोनों ने हालांकि अहम योगदान किया। क्रॉली ने डकेट के साथ पहले विकेट के लिए 51 और बेथेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 47 रन की महत्वपूर्ण साझेदारियां कीं।

जो रूट (15) और स्टोक्स (02) सस्ते में आउट हो गए जिसके बाद जॉनी स्मिथ (नाबाद 03) और हैरी ब्रूक (नाबाद 18) ने इंग्लैंड को लक्ष्य तक पहुंचाया। इस तरह से इंग्लैंड ने चार जनवरी से सिडनी में शुरू होने वाले पांचवें और आखिरी टेस्ट से पहले मनोबल बढ़ाने वाली जीत हासिल की।

ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिशेल स्टार्क, स्कॉट बोलैंड और पैट कमिंस ने दो-दो विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया के कार्यवाहक कप्तान स्टीव स्मिथ ने कहा कि उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link