महाराष्ट्र के पुणे शहर में सस्ते दाम में सोना दिलाने का झांसा देकर एक बुजुर्ग महिला से करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक दंपति ने भरोसा जीतकर महिला और उनके पति से भारी रकम ऐंठ ली। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना कात्रज क्षेत्र की रहने वाली 61 वर्षीय महिला के साथ हुई। महिला की शिकायत के आधार पर हेमंत दत्तात्रय खरोटे (45) और रुपाली हेमंत खरोटे (38) के खिलाफ भारती विद्यापीठ पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।
कैसे दिया सस्ते सोने का लालच
आरोपी दंपति की पीड़ित महिला से पहले से पहचान थी। इसी का फायदा उठाकर उन्होंने “सस्ते दाम में सोना दिलाने” और निवेश पर अच्छा मुनाफा मिलने का झांसा दिया।
आरोपियों ने महिला को मोबाइल पर सोने के बिस्किट और आभूषणों की तस्वीरें भेजकर भरोसा दिलाया कि अभी सोने के दाम कम हैं और जल्द ही बढ़ने वाले हैं, इसलिए अभी निवेश करना फायदे का सौदा होगा।
समय-समय पर लिए करोड़ों रुपये
आरोपियों के झांसे में आकर महिला और उनके पति ने लगातार कई बार पैसे दिए। जानकारी के मुताबिक दंपति ने उनसे करीब 1 करोड़ 49 लाख 95 हजार रुपये ले लिए।
हालांकि बाद में आरोपियों ने केवल करीब 7.23 लाख रुपये का सोना और 7.90 लाख रुपये नकद लौटाया। बाकी रकम और सोना देने से वे बचते रहे।
1.34 करोड़ रुपये की ठगी का खुलासा
जब लंबे समय तक पैसा और सोना वापस नहीं मिला, तब पीड़ित महिला को धोखाधड़ी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने महिला से कुल मिलाकर लगभग 1 करोड़ 34 लाख रुपये की ठगी की है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

