सतर्क रहने की अपील, नागरिकों में दहशत
वाड़ी | संवाददाता | आयुध निर्माणी के डिफेंस परिसर में पिछले सात दिनों से तेंदुए की मौजूदगी से क्षेत्र में भय का वातावरण बना हुआ है। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग द्वारा लगाए गए ट्रैप अब तक असफल रहे हैं। हालात को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।
तेंदुए की गतिविधियां विशेष रूप से रात के समय मुख्य कार्यालय, फुटबॉल ग्राउंड और आसपास के वन क्षेत्र में देखी गई हैं। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए छत्रपति आयुध कर्मचारी सेना की ओर से बुधवार को आयुध प्रशासन को एक निवेदन सौंपा गया। संगठन के अध्यक्ष सचिन डाबरे और महासचिव विवेक उजगांवकर ने प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात तेंदुए ने एक ठेकेदारी मजदूर पर हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गया। इस घटना के बाद परिसर और आसपास के रहवासी इलाकों में दहशत फैल गई। नागरिकों ने अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
आयुध निर्माणी प्रशासन ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग द्वारा पिंजरे लगाए गए थे, लेकिन अब तक तेंदुआ उनमें कैद नहीं हो सका है। वहीं फैक्ट्री प्रशासन के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे ठेकेदारी मजदूर खेतराम उके अपनी दुपहिया वाहन से डिफेंस परिसर से गुजर रहा था, तभी तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद प्रशासन की ओर से सूचना पत्र जारी कर नागरिकों से सतर्क रहने, रात के समय अनावश्यक बाहर न निकलने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की गई है। वन विभाग और प्रशासन की टीमें लगातार तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

