नाबालिग छात्राओं का पीछा करने वाले आरोपी को 3 साल की सश्रम कैद

महाराष्ट्र के भिवापुर क्षेत्र में नाबालिग स्कूली छात्राओं का पीछा कर उन्हें परेशान करने और विनयभंग करने वाले आरोपी को अदालत ने कड़ी सजा सुनाई है। जिला एवं सत्र न्यायालय ने आरोपी को विभिन्न धाराओं के तहत 3 वर्ष की सश्रम कारावास और 11,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर आए इस फैसले से क्षेत्र की छात्राओं और उनके परिवारों में सुरक्षा और न्याय का भरोसा बढ़ा है।

आरोपी की पहचान मंगेश भालचंद्र धनविजय (34), निवासी कोलारी, तहसील भिवापुर के रूप में हुई है। घटना 21 सितंबर 2024 को सामने आई थी।

  • Save

अल्पवयीन छात्राओं का करता था पीछा

आरोपी कोलारी से भिवापुर स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं का लगातार पीछा करता था। वह छात्राओं को अश्लील इशारे करता और गंदी गालियां देता था, जिससे छात्राएं भयभीत रहती थीं।

घटना के दिन भी दी धमकी

घटना वाले दिन भी आरोपी ने छात्राओं का पीछा करते हुए उन्हें धमकाया और उनका विनयभंग किया। डर के बावजूद छात्राओं ने हिम्मत दिखाते हुए अपने शिक्षकों को पूरी घटना की जानकारी दी

  • Save

पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई

मामले की जानकारी मिलते ही थानेदार जयप्रकाश निर्मल मौके पर पहुंचे और आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस की तत्परता से मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ी।

आठ गवाहों की गवाही बनी अहम

इस केस में कुल 23 गवाहों को सूचीबद्ध किया गया था, जिनमें से 8 गवाहों की गवाही अदालत में बेहद महत्वपूर्ण साबित हुई। प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहियों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी करार दिया।

  • Save

जुर्माना न भरने पर बढ़ेगी सजा

जिला एवं सत्र न्यायालय के न्यायाधीश एस. एच. ग्वालाणी ने आरोपी को 3 साल की सश्रम कैद और कुल 11,000 रुपये जुर्माना भरने का आदेश दिया।
यदि आरोपी जुर्माना नहीं भरता, तो उसे अतिरिक्त कारावास भी भुगतना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link