नागपुर में शुक्रवार को आयोजित पत्रकार परिषद में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल और कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने फडणवीस सरकार के एक साल पूरे होने पर महायुति सरकार पर तीखा हमला बोला। सपकाल ने कहा कि यह सरकार झूठे वादों और भ्रष्टाचारियों का संरक्षण करने वाला साल साबित हुआ है, जिसमें महाराष्ट्र ने बलात्कार, मारपीट, हत्या और भ्रष्टाचार जैसे अपराधों में बढ़ोतरी ही देखी है।
उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि सत्ता में आते समय किए गए वादे—लाड़ली बहनों को 2100 रुपये देने, किसानों का कर्ज माफ करने और कर्मचारियों की भर्ती शुरू करने—में से कोई भी पूरा नहीं किया गया। सपकाल ने दावा किया कि इस सरकार ने राज्य को कोयता गैंग, खोके संस्कृति, रेत और ड्रग माफिया जैसे नए संकट दिए हैं। वहीं, विजय वडेट्टीवार ने किसानों और महिलाओं के खिलाफ अत्याचारों की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों को राहत देने के वादे अब तक अधूरे हैं और राज्य में किसानों की हालत बेहद खराब हो चुकी है, जिसके लिए वे फडणवीस सरकार को जिम्मेदार मानते हैं।

