नागपुर, शहर प्रतिनिधि :
शुक्रवार सुबह शारदा चौक परिसर में एक शराबी का शव मिलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना पर गिट्टीखदान थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेयो अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान जाफरनगर निवासी हीरा सिंह ललचंद ठाकुर (43) के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10.30 बजे गिट्टीखदान थाना अंतर्गत शारदा माता चौक के पास बस स्टॉप के पीछे, बंद इमारत की गली में शव पड़ा होने की सूचना मिली। खबर जंगल में आग की तरह फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। नागरिकों ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गिट्टीखदान थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच के बाद शव की फॉरेंसिक जांच के लिए टीम को बुलाया गया। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेयो अस्पताल भेज दिया।
दुर्गंध से हुआ खुलासा
स्थानीय नागरिकों के अनुसार मृतक को शराब पीने की लत थी और वह अक्सर शारदा माता चौक के पास मौजूद रहता था। बताया गया कि पिछले 2 से 3 दिनों से वह इलाके में दिखाई नहीं दे रहा था। शुक्रवार सुबह परिसर से तेज दुर्गंध आने पर लोगों को संदेह हुआ। जब तलाश की गई तो बंद इमारत के पीछे शव दिखाई दिया।
सूत्रों के अनुसार हीरा सिंह ठाकुर की मौत 4 से 5 दिन पहले हुई होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल गिट्टीखदान पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और हर पहलू से घटना की पड़ताल की जा रही है।

