मुंबई :
मुंबई महानगरपालिका चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा तैयार किए गए विशेष प्रचार गीत को चुनाव आयोग ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। आयोग ने इस गीत को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए प्रतिबंधित कर दिया है। इस फैसले को भाजपा के लिए चुनावी प्रचार के बीच एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
भाजपा ने बीएमसी चुनाव के प्रचार के लिए उत्साहपूर्वक एक विशेष गीत तैयार किया था। हालांकि, इस गीत में “भगवा” शब्द के प्रयोग को लेकर चुनाव आयोग ने आपत्ति जताई और इसे आचार संहिता के खिलाफ माना। इसी आधार पर आयोग ने इस प्रचार गीत को चलाने की अनुमति नहीं दी।
राज्य में इस समय 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है।15 जनवरी को मतदान होना है और सभी राजनीतिक दल जोर-शोर से प्रचार में जुटे हुए हैं। भाजपा ने मुंबई में भी आक्रामक प्रचार की रणनीति बनाई थी, लेकिन प्रचार गीत पर प्रतिबंध लगने से पार्टी को अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ेगा।
चुनाव प्रचार के लिए अब केवल एक सप्ताह का समय शेष है, ऐसे में भाजपा को नए प्रचार माध्यम और रणनीति पर तेजी से काम करना होगा।

