महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां 22 वर्षीय युवक ने अपने ही जन्मदिन के दिन आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवक ने महंगा मोबाइल खरीदने के लिए अपनी मां से पैसे मांगे थे, लेकिन मां द्वारा पैसे देने से मना करने के बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
मृत युवक की पहचान आर्यन सुभाष रवंदे (22) के रूप में हुई है। यह घटना देवगड तालुका के जामसंडे सहकारनगर इलाके में घटी, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।
घटना कैसे हुई
पुलिस के अनुसार, आर्यन ने अपने जन्मदिन (5 मार्च) के मौके पर एक महंगा नया मोबाइल खरीदने के लिए मां से पैसे मांगे थे। लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण मां ने पैसे देने से मना कर दिया। इसी बात से नाराज होकर आर्यन ने घर के हॉल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
अस्पताल ले जाया गया, लेकिन नहीं बच सकी जान
घटना का पता चलते ही उसकी मां और आसपास के लोगों ने उसे तुरंत जामसंडे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मजदूरी कर मां का सहारा था आर्यन
बताया जा रहा है कि आर्यन अपनी मां के साथ रहता था। उसकी मां मजदूरी करके घर चलाती थी, जबकि आर्यन भी वेल्डिंग और अन्य मजदूरी के काम कर परिवार की आर्थिक मदद करता था। बेटे की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस घटना की देवगड पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मृत्यु के रूप में एंट्री की गई है। पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है तथा मामले की आगे जांच जारी है।

