नाशिक: महाराष्ट्र के नाशिक शहर से एक चौंकाने वाली और दुखद घटना सामने आई है। शहर की प्रसिद्ध आयुर्वेदिक विशेषज्ञ डॉ. मनीषा जेजुरकर ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के सामने आने के बाद नाशिक के मेडिकल क्षेत्र और स्थानीय लोगों में शोक और हैरानी का माहौल बन गया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना गंगापुर रोड स्थित उनके निवास पर हुई। बताया जा रहा है कि नायलॉन की रस्सी से खिड़की के लोहे के रॉड पर फांसी लगाकर उन्होंने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
परिवार के लोगों ने जब उन्हें बेसुध हालत में देखा, तो तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
कौन थीं डॉ. मनीषा जेजुरकर
डॉ. मनीषा जेजुरकर नाशिक की जानी-मानी आयुर्वेदिक चिकित्सक थीं और शहर में उनका खासगी क्लिनिक भी था। उनके पति डॉ. निलेश जेजुरकर नाशिक के जिला सामान्य अस्पताल में मनोविकार विशेषज्ञ (Psychiatrist) के रूप में कार्यरत हैं।
घर में अकेली थीं डॉक्टर
प्राथमिक जानकारी के अनुसार घटना के समय उनके पति घर पर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान उन्होंने यह कदम उठाया। घटना के बाद इलाके में मेडिकल समुदाय और मरीजों के बीच शोक की लहर फैल गई है।
आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले की जांच जारी है और परिवार तथा परिचितों से पूछताछ की जा रही है।

