भाजपा का आरोप, गरीब महिलाओं की मकर संक्रांति खराब करने की साजिश
नागपुर (निज संवाददाता)।
प्रदेश कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग से लाड़ली बहन योजना को फिलहाल रोकने की मांग किए जाने को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है। भाजपा ने कांग्रेस पर गरीब और जरूरतमंद महिलाओं के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस का असली और महिला विरोधी चेहरा एक बार फिर उजागर हो गया है।
भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिलाओं के हितों के खिलाफ रही है और अब मकर संक्रांति जैसे पर्व के समय महिलाओं को मिलने वाली सहायता राशि रोकने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग से योजना रोकने की मांग करना यह साबित करता है कि पार्टी गरीब महिलाओं को सशक्त होते नहीं देखना चाहती।
भाजपा शहर अध्यक्ष दयानकर तिवारी ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने गरीब महिलाओं को मकर संक्रांति के त्योहार पर मिलने वाली राशि से वंचित करने की साजिश रची है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने यह मांग की है कि सभी योजनाओं के लाभार्थियों को दी जाने वाली राशि रोकी जाए, जो पूरी तरह अनुचित है।
तिवारी ने कहा कि मकर संक्रांति के दिन महिलाओं के खातों में 3,000 रुपये की राशि जमा होने वाली है, लेकिन कांग्रेस के हस्तक्षेप के कारण इसे रोकने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक बार फिर अपना महिला विरोधी रवैया साबित कर रही है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस योजना में आचार संहिता का कोई उल्लंघन नहीं होता, क्योंकि यह कोई नई योजना नहीं है। योजना पहले से लागू है और इसमें लाभार्थियों को नियमित रूप से सहायता राशि दी जा रही है।
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेता वडदेवार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे श्रम के नाम पर अपने भाषणों में नारेबाजी कर रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि कांग्रेस ने कभी भी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए। भाजपा का कहना है कि श्रम, दिन की शुरुआत और अंत श्रम से ही होता है, लेकिन कांग्रेस सिर्फ राजनीति कर रही है।
भाजपा ने मांग की है कि कांग्रेस गरीब महिलाओं के हितों के साथ खिलवाड़ बंद करे और चुनावी राजनीति से ऊपर उठकर महिलाओं के कल्याण में सहयोग करे।

