नागपुर: गडकरी और बावनकुले की होंगी 20–20 सभाएं

पार्टी बैठक में समझाया गया जीतने का हुनर

नागपुर, 2 जनवरी 2026 (निज संवाददाता):
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी नागपुर मनपा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति को अंतिम रूप दे दिया है। पार्टी की ओर से आयोजित एक अहम बैठक में अधिकृत उम्मीदवारों को चुनाव जीतने के गुर सिखाए गए। बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने प्रचार, संगठन और बूथ प्रबंधन को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।

यह बैठक भाजपा शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के 151 अधिकृत उम्मीदवारों के साथ चुनाव संचालन समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे। बैठक में शहर में होने वाली चुनावी सभाओं और प्रचार कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई।

बैठक में यह घोषणा की गई कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले नागपुर शहर में 20–20 चुनावी सभाएं करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की भी तीन बड़ी जनसभाएं प्रस्तावित हैं।

पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं द्वारा कुल छह मार्गदर्शन बैठकें भी ली जाएंगी, जिनमें उम्मीदवारों को प्रचार, जनसंपर्क और चुनावी रणनीति को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

  • Save

राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने उम्मीदवारों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि सभी कार्यकर्ता माइक्रो प्लानिंग के साथ समन्वय में काम करें, तो भाजपा इस बार पुराने सभी चुनावी रिकॉर्ड तोड़ सकती है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में क्या करना है और क्या नहीं करना है, इस पर भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रमुखों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है और मजबूत प्रचार तंत्र ही जीत की कुंजी है।

  • Save

बैठक में सुधीर ढोलगांवकर ने प्रशासनिक अनुमतियों और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी, जबकि राजेश बांडगे ने चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार चुनाव खर्च की योजना बनाने को लेकर उम्मीदवारों का मार्गदर्शन किया।

शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी ने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत बूथ प्रबंधन है। उन्होंने कहा कि 120 सीटों का लक्ष्य हासिल करने के लिए ‘टी-20’ मैच की तरह तेज और प्रभावी प्रदर्शन जरूरी है। मतदाताओं से सूची के अनुसार संपर्क कर योजनाबद्ध प्रचार करने पर जोर दिया गया।

बैठक के दौरान कांग्रेस के पूर्व उपमहापौर हिमतराव सरायकर के पुत्र संजय सरायकर और पूर्व नगरसेवक हरिसाऊ यादव अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। राजस्व मंत्री बावनकुले और शहर अध्यक्ष तिवारी ने उन्हें पार्टी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।

इस अवसर पर संगठन मंत्री उमेद कोटकर, चुनाव प्रभारी विधायक प्रविण दटके, विधायक कृष्णा खोपड़े, मोहन मते, संदीप जोशी, अनिल सोले, गिरीश व्यास, श्रीकांत आगलावे, संदीप जाधव, रितेश गावंडे, विष्णु बांगर और बालू बोरकर सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।

दयाशंकर तिवारी ने दावा किया कि संगठनात्मक मजबूती और रणनीति के बल पर नागपुर मनपा में भाजपा की जीत तय है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link