मनपा चुनाव : कार्यकर्ताओं के चाय, नाश्ते, भोजन के खर्च की सीमा निर्धारित

नागपुर (महानगर संवाददाता) : महानगरपालिका चुनाव के मद्देनज़र चुनाव आयोग ने उम्मीदवारों द्वारा चुनावी कार्यकर्ताओं पर किए जाने वाले खर्च को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। चुनाव प्रचार के दौरान कार्यकर्ताओं के चाय, नाश्ता और भोजन पर होने वाले खर्च की अधिकतम सीमा तय कर दी गई है, ताकि अनावश्यक और बेहिसाब खर्च पर नियंत्रण रखा जा सके।

निर्देशों के अनुसार, कार्यकर्ताओं के लिए शाकाहारी भोजन (वेज थाली) का खर्च 112 रुपये प्रति प्लेट और मांसाहारी भोजन (नॉनवेज थाली) का खर्च 224 रुपये प्रति प्लेट निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, चाय और नाश्ते की कीमत भी तय की गई है। चाय की कीमत पहले 7 रुपये प्रति कप थी, जिसे बढ़ाकर 10 रुपये प्रति कप किया गया है, जबकि नाश्ते की कीमत 30 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित की गई है।

  • Save

चुनाव आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रचार के दौरान उम्मीदवारों द्वारा कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराए जाने वाले चाय, नाश्ता, भोजन और पानी का खर्च उम्मीदवार के चुनावी खर्च में जोड़ा जाएगा। कार्यकर्ताओं की संख्या दिन-दिन के हिसाब से दर्ज की जाएगी और उसी आधार पर खर्च का लेखा रखा जाएगा। यह संख्या सामान्यतः उम्मीदवार की पार्टी के संगठनात्मक ढांचे और प्रचार अभियान पर निर्भर करेगी।

आयोग के निर्देशानुसार, उम्मीदवारों को अपने चुनावी खर्च का दैनिक हिसाब-किताब रखना होगा। इसमें हर दिन कार्यकर्ताओं के लिए किए गए चाय, नाश्ता, दोपहर और रात के भोजन का विवरण शामिल रहेगा। यह जानकारी जांच के दौरान खर्च रजिस्टर और संबंधित बिलों के माध्यम से सत्यापित की जाएगी।

चुनाव अधिकारियों के अनुसार, 2017 के चुनाव की तुलना में इस बार भोजन की दरों में बढ़ोतरी की गई है। उस समय शाकाहारी थाली की कीमत 100 रुपये थी, जिसे अब बढ़ाकर 112 रुपये किया गया है, जबकि मांसाहारी थाली की कीमत 200 रुपये से बढ़ाकर 224 रुपये तय की गई है। बढ़ती महंगाई और खाद्य पदार्थों की लागत को देखते हुए यह संशोधन किया गया है।

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि तय सीमा से अधिक खर्च पाए जाने पर संबंधित उम्मीदवार के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। अधिकारियों का कहना है कि इन नियमों का उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना और खर्च पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link