वाराणसी में BJP नेता शालिनी यादव के फ्लैट से सेक्स रैकेट पकड़ा गया है। सोमवार रात पुलिस ने छापेमारी कर 9 महिलाओं और 4 पुरुषों को गिरफ्तार किया। आरोप है कि स्पा सेंटर के नाम पर वहाँ सेक्स रैकेट चल रहा था।
महत्वपूर्ण बात यह है कि यह फ्लैट शालिनी यादव के पति अरुण यादव के नाम पर है और उन्होंने इसे किराए पर दिया हुआ था। शालिनी यादव पहले कांग्रेस से मेयर चुनाव, फिर सपा से लोकसभा चुनाव PM मोदी के खिलाफ लड़ चुकी हैं। बाद में वह BJP में शामिल हुईं। इस मामले पर उनका बयान लेने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन नहीं उठाया गया।
लड़कियाँ आस-पास के जिलों से लाई जाती थीं
सूत्रों के अनुसार, पकड़ी गई लड़कियाँ आसपास के जिलों से आती थीं। पुलिस ने फ्लैट से आपत्तिजनक सामान, रजिस्टर और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले की जांच जारी है। यह फ्लैट शक्ति शिखा अपार्टमेंट, वाराणसी विकास प्राधिकरण, सिगरा—फ्लैट नंबर 112 में स्थित है। पुलिस को देर रात रैकेट की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस और एसओजी टीम ने स्पा सेंटर पर छापा मारा। पूछताछ में पता चला कि लड़कियाँ आसपास के जिलों से बुलाई जाती थीं। सिगरा के अलावा पुलिस ने महमूरगंज, भेलूपुर और कैंट क्षेत्रों के कई स्पा सेंटरों पर भी कार्रवाई की।
जानिए कौन हैं शालिनी यादव
- शालिनी यादव ने 2017 में मेयर चुनाव कांग्रेस टिकट पर लड़ा था और 1,13,345 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रही थीं।
- 2019 में उन्होंने सपा जॉइन की और पीएम मोदी के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ा, जिसमें वे दोबारा दूसरे स्थान पर रहीं।
- 24 जुलाई 2023 को वे बीजेपी में शामिल हुईं, हालांकि पार्टी में उन्हें कोई पद नहीं मिला।
पेशे से शालिनी एक फैशन डिजाइनर हैं। उनकी राजनीति में एंट्री उनके ससुर श्याम लाल यादव (पूर्व कांग्रेस नेता और केंद्रीय मंत्री) के ज़रिए हुई। मूल रूप से गाज़ीपुर की रहने वाली शालिनी की शादी अरुण यादव से हुई है। बीएचयू से बीए (ऑनर्स) के बाद उन्होंने फैशन डिजाइनिंग में डिप्लोमा किया।

