कुही क्षेत्र के भंडारबोडी स्थित ‘कल्पना जिनिंग प्रेसिंग’ परिसर में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। कॉटन लिफ्टर से जुड़े ट्रैक्टर के इंजन में शॉर्टसर्किट होने से निकली चिंगारी ने जमीन पर पड़े कपास को आग लगा दी। देखते ही देखते आग फैल गई और परिसर में रखे सैकड़ों क्विंटल कपास के ढेर जलकर खाक हो गए।
यह घटना सोमवार (16 मार्च) दोपहर करीब 3 बजे कुही पुलिस थाना क्षेत्र के चिचडी के पास भंडारबोडी गांव में घटी। आग लगने के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कैसे लगी आग
जानकारी के अनुसार, जिनिंग परिसर में कपास को ट्रैक्टर से जुड़े कॉटन लिफ्टर की मदद से उठाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर के इंजन में शॉर्टसर्किट हो गया, जिससे चिंगारी निकली।
यह चिंगारी जमीन पर पड़े सूखे कपास पर गिरते ही आग भड़क उठी और कुछ ही समय में आग ने पास में रखे कपास के ढेर को अपनी चपेट में ले लिया।
एक महीने में दूसरी बार आग
गौरतलब है कि इसी जिनिंग परिसर में 12 फरवरी को भी आग लगने की घटना हुई थी। उस हादसे में एक मजदूर के बेटे की झुलसकर मौत हो गई थी।
महज एक महीने के भीतर दो बार आग लगने की घटनाओं ने जिनिंग परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान
घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद शाम तक आग पर काबू पा लिया गया।
हालांकि आग में लाखों रुपये का कपास जलकर नष्ट हो गया है। राहत की बात यह रही कि जिनिंग की मशीनरी और रूई की गांठें सुरक्षित बच गईं।

